चंडीगढ़। हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। करीब तीन साल के लंबे इंतजार के बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप-डी कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET)-2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। शुक्रवार, 19 जून यानि आज से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

3 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

आयोग के अनुसार अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं, जबकि 6 जुलाई तक आवेदन शुल्क जमा कराने की सुविधा रहेगी। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 7 से 9 जुलाई तक करेक्शन विंडो भी खोली जाएगी।

इस बार बड़ा बदलाव, नहीं मिलेंगे अतिरिक्त अंक

ग्रुप-डी भर्ती प्रक्रिया में इस बार सबसे बड़ा बदलाव सामाजिक-आर्थिक आधार पर दिए जाने वाले अतिरिक्त अंकों को समाप्त करना है। अब अभ्यर्थियों का चयन पूरी तरह CET में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।

आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि जिन पदों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं से अधिक है, वहां मेरिट सूची 100 प्रतिशत CET स्कोर के आधार पर तैयार की जाएगी।

ऐसा होगा परीक्षा पैटर्न

परीक्षा दो भागों में आयोजित होगी—

0 75 प्रतिशत प्रश्न सामान्य ज्ञान, गणित, रीजनिंग, हिंदी, अंग्रेजी और संबंधित विषयों से होंगे।
0 25 प्रतिशत प्रश्न हरियाणा सामान्य ज्ञान, इतिहास, संस्कृति, साहित्य, भूगोल, पर्यावरण और समसामयिक घटनाओं पर आधारित होंगे।

प्रश्नों का स्तर मैट्रिक (10वीं) के अनुरूप रखा जाएगा।

प्रमाणपत्रों को लेकर आयोग ने जारी किए निर्देश

आयोग ने आरक्षित वर्गों के प्रमाणपत्रों की वैधता को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

० BC-A, BC-B और EWS प्रमाणपत्र 1 अप्रैल 2026 या उसके बाद जारी तथा अंतिम तिथि तक वैध होने चाहिए।
० DSC और OSC वर्ग के प्रमाणपत्र 13 नवंबर 2024 के बाद जारी होना अनिवार्य है।
० दिव्यांग, ईएसपी और पूर्व सैनिक आश्रितों के प्रमाणपत्र भी निर्धारित तिथि तक वैध होने चाहिए।
० 15 लाख से अधिक आवेदन आने की उम्मीद

आयोग का अनुमान है कि इस बार ग्रुप-डी CET में 15 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि पिछली ग्रुप-सी CET परीक्षा के लिए लगभग 13.45 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे।