अहमदाबाद। गुजरात के आणंद जिले की पूर्व अतिरिक्त कलेक्टर (एडीएम) केतकी व्यास को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में शेला इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।

गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद से ही वह कई महीनों से फरार चल रही थीं। तकनीकी निगरानी की मदद से पकड़े जाने के बाद क्राइम ब्रांच ने उन्हें भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को सौंप दिया है।

एसीबी के उप निदेशक हरेश मेवल के अनुसार, केतकी व्यास पर लगभग 3.30 से 3.50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है। जांच में सामने आया है कि वर्ष 2012 से 2023 के बीच आणंद में अपनी तैनाती के दौरान उन्होंने अपने माता-पिता के नाम पर बड़े पैमाने पर अवैध संपत्तियां खरीदीं।

इसके लिए लगभग सवा करोड़ रुपये का नकद भुगतान किया गया। इसके अलावा, उन्होंने अपने परिवार और सगे-संबंधियों के करीब 24 बैंक खातों में एक करोड़ रुपये से अधिक का काला धन जमा कराया था। कार्रवाई के तहत एसीबी ने अहमदाबाद के बोड़कदेव स्थित उनके फ्लैट को सील कर दिया है, जहां अब पंचनामा की प्रक्रिया की जाएगी।

कलेक्टर को हनीट्रैप में फंसाने की रची थी साजिश

यह मामला केवल आर्थिक भ्रष्टाचार तक ही सीमित नहीं है। आणंद में पदस्थापना के दौरान केतकी व्यास का तत्कालीन कलेक्टर डी. एस. गढ़वी के साथ तीखा विवाद हो गया था। दरअसल, गढ़वी उनकी कुछ फाइलों पर हस्ताक्षर करने से मना कर रहे थे।

कलेक्टर पर दबाव बनाने और उन्हें ब्लैकमेल करने के मकसद से केतकी ने उनके कार्यालय में छिपा हुआ (गुप्त) कैमरा लगवा दिया था और उन्हें हनीट्रैप में फंसाने का षड्यंत्र रचा था। इस साजिश में नायब तहसीलदार समेत अन्य कर्मचारी भी शामिल थे।

लंबे समय तक फरार रहने के बाद अब केतकी व्यास पुलिस की गिरफ्त में हैं और एसीबी बेनामी संपत्तियों के साथ-साथ उनके पूरे वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें