एस. आर. रघुवंशी गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के तलैया चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक युवती ने बीच सड़क पर भाजपा नेता की थप्पड़ और चप्पलों से धुनाई कर दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। चप्पल मारते हुए इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई।

ये भी पढ़ें: एकतरफा इश्क में सनकी आशिक का खौफनाक खेल! पति के बजाय भाई को दे दी खौफनाक मौत? जानिए 48 घंटे की पूरी स्टोरी

5 लाख का लोन ले लिया, अब बैंक वाले कर रहे परेशान

पीड़ित महिला संगीता सेन का आरोप है कि उसके चाचा बाबूलाल सेन जो भाजपा के पूर्व झागर मंडल अध्यक्ष और वर्तमान में बूथ अध्यक्ष हैं ने साल 2017 में उसके नाम पर 5 लाख रुपये का लोन निकलवाया था। संगीता का कहना है कि चाचा ने लोन की किस्तें खुद भरने का वादा किया था लेकिन न तो पैसे दिए और न ही बैंक में जमा किए। अब बैंक के अधिकारी किस्त चुकाने के लिए उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि उसने 22 जुलाई को भी एसपी ऑफिस में आवेदन देकर शिकायत की थी। आरोप है कि कागजात जला दिए गए और उसके साथ गाली-गलौज की गई।

भाजपा नेता बोले- ‘साजिश के तहत किया गया बदनाम’

वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता बाबूलाल सेन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। बाबूलाल का कहना है कि उन्होंने सिर्फ लोन लेने में भतीजी की मदद की थी, लेन-देन से उनका कोई सीधा संबंध नहीं है। उनका आरोप है कि उन्हें धोखे से बुलाकर सुनियोजित तरीके से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

ये भी पढ़ें: कोर्ट के अंदर आई, फिर कहां गई? सिंगरौली में 5 साल के मासूम संग गायब हुई महिला, CCTV खंगाल रही पुलिस

दोनों पक्ष पहुंचे थाने, पुलिस खंगाल रही बैंक रिकॉर्ड

घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर उनके बयान दर्ज किए हैं। मामले पर एएसपी प्रशांत सिंह सुमन का कहना है कि दोनों ही पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है, बैंक रिकॉर्ड्स और दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m