कृष्ण कुमार सैनी ,सोनीपत। देर रात खेतों में अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। अंधेरे के बीच ऐसा मंजर बना कि कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस टीम सामने थी और दूसरी ओर ऐसे चेहरे, जिनका नाम पहले से कई वारदातों में सामने आ चुका था।

मामला इतना खतरनाक हो गया कि एक गोली सीधे पुलिस अधिकारी की बुलेटप्रूफ जैकेट से जा टकराई। कुछ सेकेंड की इस मुठभेड़ ने हालात को बेहद तनावपूर्ण बना दिया, लेकिन पुलिस टीम ने मोर्चा संभाले रखा।

दरअसल, मामला सोनीपत जिले के गांव गौरड़ का है, जहां क्राइम यूनिट-1 और कुख्यात बदमाशों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि खेतों के पास दो संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं। जैसे ही टीम उन्हें पकड़ने पहुंची, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में राजू उर्फ बांडा निवासी किडौली के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी संजय निवासी बहादुरगढ़ को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

खरखौदा एसीपी जोगिंदर शर्मा के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर दर्जनभर से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। राजू पर दिल्ली के बवाना, झज्जर, सांपला और बहादुरगढ़ में लूट, डकैती और अन्य संगीन मामले दर्ज हैं, जबकि संजय पर बहादुरगढ़ से दिल्ली के रोहिणी तक चोरी, लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट के केस दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर का अवैध पिस्टल और बर्फ तोड़ने का सुंआ बरामद किया है। घायल बदमाश को खरखौदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।