सुशीला देवी, गुरुग्राम। हथियार के बल पर करीब 25 लाख रुपये की लूट के मामले में गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-31 ने एक और आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी समीर आलम निवासी गांव पुरनिया, जिला शिवहर, बिहार पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पार्क हॉस्पिटल के पास हुई थी लूट
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को एक फिनटेक कंपनी की ओर से शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी के कलेक्शन मैनेजर से सेक्टर-47 स्थित पार्क हॉस्पिटल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 25 लाख रुपये लूट लिए।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
23 सितंबर को मुंबई से पकड़ा
मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी समीर आलम को मुंबई से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी 23 सितंबर को की गई।
समीर आलम बिहार के शिवहर जिले के गांव पुरनिया का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसे इस लूट मामले में आरोपी बनाया है।
पहले चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक, एक पिस्टल, 10 लाख 52 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई जारी है। जांच अभी अनुसंधानाधीन है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


