चंडीगढ़: हरियाणा की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस फैसले पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्मृति ईरानी के लंबे राजनीतिक अनुभव का सीधा लाभ राज्य में बीजेपी संगठन को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके आने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरेगा और पार्टी संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
भूपेंद्र हुड्डा की भावुक अपील पर कसा तंज
गंगवा ने किलोई विधानसभा हलके में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा की गई भावुक अपील पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि किलोई के लोगों ने हमेशा हुड्डा को जिताने का काम किया है, लेकिन अब वहां के हालात तेजी से बदल रहे हैं। गंगवा के मुताबिक अब जनता हुड्डा से दूर होती जा रही है, इसी घबराहट और बौखलाहट के कारण उन्हें लोगों से भावुक अपील करनी पड़ रही है।
कांग्रेस की गुटबाजी पर साधा निशाना
कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेताओं के अलग-अलग धड़े बने हुए हैं। इसमें कुमारी सैलजा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला और वीरेंद्र सिंह के अपने-अपने गुट हैं। गंगवा ने दावा किया कि नेताओं की इसी आपसी खींचतान का बुरा असर कांग्रेस के संगठन और उसकी राजनीतिक स्थिति पर पड़ रहा है।
हुड्डा के कार्यकाल पर उठाए सवाल
रणवीर गंगवा ने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक ग्राफ आने वाले दिनों में और नीचे जाएगा। हुड्डा को अब इस बात का डर सता रहा है कि लोग उनसे लगातार दूरी बना रहे हैं। उन्होंने हुड्डा के मुख्यमंत्री कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस दौरान हुए कथित कारनामों की वजह से ही आज कांग्रेस राज्य में इतनी कमजोर स्थिति में पहुंची है।
‘पंजाब में सीएम नायब सैनी का दिख रहा क्रेज’
पंजाब में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरों पर बोलते हुए गंगवा ने दावा किया कि वहां सीएम का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री जहां भी जाते हैं, उन्हें सुनने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मामले को खामखां मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है, जबकि जनता का समर्थन मुख्यमंत्री के साथ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


