गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-17 ने कारों के एलॉय व्हील और टायर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में प्रयुक्त कार, 8 एलॉय व्हील, एक टायर, एक बैटरी और अन्य स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं।

गुरुग्राम। पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-17 ने कारों के एलॉय व्हील और टायर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार के साथ चोरी किए गए 8 एलॉय व्हील, एक टायर, एक बैटरी और अन्य स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को थाना खेड़की दौला में सेक्टर-86 से एक कार के टायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने 15 जुलाई को लेजर वैली पार्क के पास से रवि कुमार और ऋषभ (दोनों 23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों मूल रूप से एटा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं और फिलहाल मानेसर के नाहरपुर में रह रहे थे।

रात में करते थे रेकी

पूछताछ में खुलासा हुआ कि ऋषभ टैक्सी चलाता था, जबकि रवि एक निजी कंपनी में काम करता था। दोनों रात के समय कार में घूमकर पहले रेकी करते और सुनसान जगहों पर खड़ी गाड़ियों के एलॉय व्हील व टायर चोरी कर फरार हो जाते थे।

आरोपियों ने गुरुग्राम में इसी तरह की तीन अन्य वारदातें भी कबूल की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस को अन्य वारदातों के खुलासे की भी उम्मीद है।