गुरुग्राम साइबर अपराध पश्चिम थाना पुलिस ने निवेश के नाम पर 5.37 लाख रुपये की ठगी के मामले में गुजरात से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे।

गुरुग्राम। साइबर अपराध पश्चिम थाना पुलिस ने निवेश (इन्वेस्टमेंट) के नाम पर 5.37 लाख रुपये की ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रजापति संजय कुमार (41) निवासी जिला पाटन और ठाकोर निकुल (20) निवासी जिला मेहसाणा, गुजरात के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 30 नवंबर 2025 को गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर उससे 5.37 लाख रुपये ठग लिए। जांच के दौरान सहायक उप निरीक्षक संदीप और सहायक उप निरीक्षक नितिन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को 18 जुलाई 2026 को गुजरात से दबोच लिया।

पूछताछ में बड़ा खुलासा

पूछताछ में खुलासा हुआ कि ठगी की रकम आरोपी संजय कुमार के बैंक खाते में आई थी। संजय ने यह रकम निकालकर अन्य साइबर ठगों तक पहुंचाई, जिसके बदले उसे एक लाख रुपये कमीशन मिला।

वहीं आरोपी निकुल ने ठगी में इस्तेमाल की गई सिम कार्ड उपलब्ध कराई थी, जिसके एवज में उसे पांच हजार रुपये मिले। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।