सुशीला देवी, गुरुग्राम। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल सोमवार को गुरुग्राम के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित पुलिस स्टेशन सेक्टर-17/18 का उद्घाटन किया और पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था तथा पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। DGP ने पुलिस अधिकारियों से लेकर जवानों, उनके परिवारों, मीडिया प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद कर जमीनी स्तर की स्थिति की जानकारी ली।
गुरुग्राम पहुंचने पर पुलिस स्टेशन सेक्टर-17/18 में DGP अजय सिंघल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित थाना भवन का उद्घाटन किया और परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज समेत पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था पर अधिकारियों से चर्चा
थाना उद्घाटन के बाद DGP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जानकारी साझा की। उन्होंने गुरुग्राम में पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
इसके बाद पुलिस लाइन्स में वेलफेयर मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में DGP ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों से सीधे बातचीत की। इस दौरान पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों, उपलब्ध सुविधाओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
जवानों ने दिखाया डेमो, DGP ने परखी तैयारियां
परेड ग्राउंड में पुलिस की विभिन्न कंपनियों के जवानों ने विशेष डेमो प्रस्तुत किया। इसमें ईस्ट, वेस्ट, साउथ, मानेसर, मुख्यालय और महिला लॉ एंड ऑर्डर कंपनियों के जवान शामिल रहे। DGP अजय सिंघल ने जवानों के अनुशासन, तैयारियों और ड्यूटी के दौरान प्रतिक्रिया क्षमता का जायजा लिया।
अपराध नियंत्रण और शिकायतों के निस्तारण पर जोर
कमिश्नरेट कार्यालय में DGP ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने को लेकर चर्चा हुई।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में पुलिसिंग को मजबूत रखने और नागरिकों की समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रबुद्ध नागरिकों से भी किया संवाद
दौरे के दौरान DGP अजय सिंघल ने ट्रैफिक पुलिस टावर पर प्रबुद्ध नागरिकों से भी संवाद किया। इस दौरान पुलिस और आम जनता के बीच सहयोग को और मजबूत करने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

गुरुग्राम दौरे के दौरान DGP ने पुलिस व्यवस्था के अलग-अलग पहलुओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों और जवानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर फोकस करने का संदेश दिया।
- पीने के पानी के लिए तीन दिनों से धरने पर बैठे ग्रामीण, प्रशासन के आश्वासन के बाद देर रात चक्काजाम खत्म
- संत महोत्सव जा रहे श्रद्धालुओं के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, एक घायल
- वायरल वीडियो ने खोली थार चालक की करतूत, बाइक सवारों को टक्कर मारने वाली Thar Roxx बरामद
- फैमिली ढाबे की आड़ में परोसी जा रही शराब, नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों ने की ढाबा सील करने की मांग
- गुरुग्राम दौरे पर DGP अजय सिंघल का एक्शन मोड, नए थाने का किया उद्घाटन; कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा


