गुरुग्राम। नशा तस्करी के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के चौथे साथी को भी पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कबीर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का रहने वाला है और तीनों आरोपियों को कथित तौर पर नशीले पदार्थ उपलब्ध कराता था। इस मामले में पुलिस ने 136 ग्राम MDMA, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और एक खाली खोल बरामद किया है।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई थी मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम को सूचना मिली थी कि हथियारबंद तीन व्यक्ति लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर जांच शुरू की।
रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान एक गोली पुलिस वाहन पर लगी। वहीं, एक पुलिसकर्मी की बाजू में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान कुल नौ गोलियां चलीं। इनमें छह आरोपियों की ओर से और तीन पुलिस टीम की ओर से चलाई गईं।
पहले तीन आरोपी गिरफ्तार, अब चौथा भी पकड़ा गया
पुलिस ने इस कार्रवाई में मार्फत उर्फ मारू (32), फूल बाबू शेख (26) और श्रीकुल शेख (37) को गिरफ्तार किया था। तीनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, मार्फत के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज हैं। फूल बाबू के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं, जबकि श्रीकुल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। फूल बाबू पर एनडीपीएस मामले में इनाम भी घोषित था।
पूछताछ के बाद पुलिस ने 11 अक्टूबर को सेक्टर-62 से चौथे आरोपी कबीर को गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि वह गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ उपलब्ध कराने में शामिल था।
मार्फत 19 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने मार्फत उर्फ मारू को 19 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और नशे की कथित सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

