हिमाचल प्रदेश पुलिस का फर्जी एसपी बनकर गुरुग्राम पुलिस पर रौब झाड़ने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी पत्नी के शोरूम की कटी बिजली दोबारा चालू कराने के लिए थाना प्रभारी पर दबाव बना रहा था।

सुशीला देवी, गुरुग्राम। हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी बनकर गुरुग्राम पुलिस पर रौब झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। डीएलएफ सेक्टर-29 थाना पुलिस ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर सरकारी अधिकारी पर दबाव बनाने के आरोप में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी एसपी बनकर दिया डीजीपी का हवाला

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को थाना डीएलएफ सेक्टर-29 के सरकारी मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी चंदन सिंह बताते हुए मेगा मॉल स्थित एक शोरूम की बिजली तुरंत चालू कराने का दबाव बनाया। उसने डीजीपी स्तर तक का हवाला देकर कार्रवाई करने को कहा। थाना प्रभारी को बातचीत संदिग्ध लगी, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा गया।

पत्नी के शोरूम की बिजली कटाने पर की ठगी

जांच में खुलासा हुआ कि कॉल करने वाला कोई पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि करण कुमार सकूजा (30), निवासी नेब सराय, दक्षिण दिल्ली था। पुलिस ने आरोपी को उसी दिन गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी की दुकान मेगा मॉल में है और मॉल प्रबंधन ने उसकी बिजली काट दी थी। बिजली दोबारा चालू कराने के लिए उसने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी बताकर थाना प्रभारी पर दबाव बनाने की कोशिश की।

गुरुग्राम पुलिस ने सरकारी अधिकारी का नाम और पद का दुरुपयोग करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।