Gurugram Flower Trade Hub : चंडीगढ़। हरियाणा सरकार गुरुग्राम में राज्य का पहला आधुनिक फ्लावर ट्रेड हब विकसित करने जा रही है। करीब 45 करोड़ रुपये की इस परियोजना को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य फूल उत्पादकों और कारोबारियों को बेहतर बाजार और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
यह ट्रेड हब गुरुग्राम के बोटैनिकल गार्डन के पास हॉर्टिकल्चर विभाग की भूमि पर बनाया जाएगा। यहां फूलों की खरीद-बिक्री के साथ ग्रेडिंग, पैकेजिंग, गुणवत्ता जांच, कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स जैसी सभी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे किसानों और व्यापारियों को अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अभी तक हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के अधिकांश फूल उत्पादक बड़े कारोबार के लिए दिल्ली की गाजीपुर फूल मंडी पर निर्भर रहते हैं। नया ट्रेड हब शुरू होने से परिवहन खर्च कम होगा, समय की बचत होगी और फूलों की गुणवत्ता भी लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी।
गुरुग्राम की दिल्ली-एनसीआर और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से निकटता इस परियोजना की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है। इससे देश और विदेश के बाजारों तक फूलों की तेज आपूर्ति संभव होगी, जिससे निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से फूल उत्पादकों को बेहतर कीमत, व्यापारियों को संगठित बाजार और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही हरियाणा का फ्लोरीकल्चर क्षेत्र आधुनिक तकनीक और बेहतर विपणन व्यवस्था के साथ नई पहचान हासिल करेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


