गुरुग्राम। सुबह के करीब 5 बजे थे। सोहना रोड पर आयरिया मॉल के पास एक सफेद फॉर्च्यूनर अचानक बेकाबू हो गई। कार सड़क से उतरकर फुटपाथ पर चढ़ गई। वहां सो रहे बुजुर्ग दंपती इसकी चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद भी कार नहीं रुकी। वह आगे खड़ी एक क्रेन से जा टकराई।

हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयरबैग भी खुल गए। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

फुटपाथ पर सो रहे दंपती को संभलने का मौका तक नहीं मिला

जानकारी के मुताबिक, फॉर्च्यूनर बादशाहपुर से सोहना की तरफ जा रही थी। आयरिया मॉल के पास चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद गाड़ी सीधे फुटपाथ पर चढ़ गई।

उस समय वहां बुजुर्ग दंपती सो रहे थे। बेकाबू कार ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्रेन से टकराई कार, फिर मौके से भागे सवार

दंपती को टक्कर मारने के बाद भी कार आगे बढ़ती रही। कुछ ही दूरी पर फुटपाथ के पास खड़ी क्रेन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया।

चश्मदीदों के अनुसार, कार में एक युवक और युवती सवार थे। हादसे के बाद दोनों गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। अब पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हादसा बादशाहपुर थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कार के नंबर के आधार पर भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस का ध्यान कार सवारों का पता लगाने और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाने पर है। बुजुर्ग दंपती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m