गुरुग्राम के लक्ष्मण विहार में होटल की रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरेली निवासी आरोपी मनुज रस्तोगी को पालम विहार अपराध शाखा की टीम ने 29 जुलाई को पकड़ा।

सुशीला देवी, गुरुग्राम। पुलिस ने लक्ष्मण विहार में रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनुज रस्तोगी उर्फ मनु (41) निवासी बड़ी बामनपुरा, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसे अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने 29 जुलाई को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।

घर के बाहर मारी थी गोली

पुलिस के अनुसार, 6 मई 2026 को लक्ष्मण विहार में शिकायतकर्ता अपने घर के बाहर गाड़ी से सामान उतार रहा था। तभी मास्क पहनकर आए एक बदमाश ने उस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।

गोली के छर्रे उसके चेहरे और आंख में लगे, जबकि हमलावर मौके पर देसी कट्टा फेंककर फरार हो गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक खाली कारतूस और बैग में रखे दो जिंदा कारतूस बरामद किए थे।

होटल के नुकसान से पनपी रंजिश

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विवेक और शिकायतकर्ता के भाई गौरव ने बरेली में साझेदारी में होटल खोला था। होटल में नुकसान होने के बाद विवेक आर्थिक तंगी में आ गया, जबकि गौरव को उसके भाई की आर्थिक मदद मिलती रही।

इसी रंजिश में विवेक ने गौरव को मानसिक और आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए उसके भाई की हत्या की साजिश रची। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मनुज रस्तोगी सहित अन्य आरोपियों ने मिलकर पूरी योजना बनाई थी। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।