गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-31 ने रामगढ़ चौक के पास कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय विकास को अवैध देसी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस हथियारों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।


सुशीला देवी,गुरुग्राम।
पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-31 ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय विकास निवासी गांव बाजीदपुर, जिला झज्जर (हरियाणा) के रूप में हुई है।

रामगढ़ चौक से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को अपराध शाखा की टीम ने रामगढ़ चौक, सेक्टर-65 में कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

बरामदगी के आधार पर थाना सेक्टर-65 में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

15 हजार में खरीदा था हथियार

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह अवैध हथियार एक व्यक्ति से 15 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान कर हथियारों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि विकास पहले भी हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के मामले में गुरुग्राम में नामजद रह चुका है। ऐसे में पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक संबंधों की भी जांच कर रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।