कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने कानून व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसीपी (पूर्व) संदीप कुमार के आदेश पर थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।

सुशीला देवी गुरुग्राम। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संदीप कुमार, IPS के आदेश पर पूर्व जोन के सभी थाना प्रबंधकों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने और कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस कर्मियों को सतर्कता के निर्देश

पुलिस कर्मियों को कांवड़ यात्रा मार्गों और नाकों पर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, जरूरत पड़ने पर वाहनों की जांच करने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और कंट्रोल रूम को देने के आदेश दिए गए।

साथ ही श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने, उनकी सुविधा का ध्यान रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता

डीसीपी (पूर्व) संदीप कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना गुरुग्राम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने का आह्वान किया, ताकि कांवड़ यात्रा बिना किसी बाधा के सकुशल संपन्न हो सके।