गुरुग्राम। गुरुग्राम के मैग्नम ग्लोबल पार्क में गुरुवार रात (10 सितंबर) करीब 8 बजे कारगिल युद्ध के योद्धा रहे रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सेक्टर 65 थाना क्षेत्र में स्थित गोंजो रेस्टोरेंट के बाहर पार्किंग विवाद के दौरान अटेंडेंट ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और कोहनी में फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित ने आरोपी अटेंडेंट पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस पर देरी से पहुंचने और मेदांता अस्पताल पर गलत एमएलसी (MLC) रिपोर्ट तैयार करने के आरोप लगाए हैं।
रेस्टोरेंट के बाहर पार्किंग को लेकर हुआ विवाद
1999 के कारगिल युद्ध में ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का हिस्सा रहे रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता परिवार के साथ डिनर के लिए निकले थे। उन्होंने परिवार को गोंजो रेस्टोरेंट के बाहर छोड़ा और कार पार्क करने चले गए। आरोप है कि पार्किंग स्टाफ उन्हें वैलेट, बेसमेंट और मल्टी-लेवल पार्किंग के चक्कर कटवाता रहा और काफी देर बाद कार पार्क कराने से मना कर दिया।
कार रिवर्स करते समय हमला, शेफ ने बचाई जान
इसके बाद जब गुप्ता अपनी कार रिवर्स कर रहे थे, तब एक पार्किंग अटेंडेंट ने गाड़ी का सामने का शीशा तोड़ने का प्रयास किया। जब गुप्ता ने कार से बाहर निकलकर इसका विरोध किया, तो अटेंडेंट लोहे की रॉड ले आया। उसने गुप्ता के हाथ और सिर पर वार कर दिया, जिससे वे खून से लथपथ हो गए। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने कोई मदद नहीं की और पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल करने के आधे घंटे बाद तक पुलिस नहीं पहुंची। इसी दौरान रेस्टोरेंट के एक शेफ ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।
कोहनी में प्लेट डालकर सर्जरी, पुलिस और अस्पताल पर गंभीर आरोप
हमले के बाद पीड़ित को एंबुलेंस से मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी कोहनी की हड्डी में प्लेट डालकर सर्जरी की गई। गुप्ता ने सेक्टर 65 थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस से उन्हें सहायता नहीं मिली और अस्पताल ने जो एमएलसी रिपोर्ट बनाई, उसमें सिर से खून निकलने और कोहनी की चोट का जिक्र ही नहीं किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



