क्रेटा गाड़ी में अगवा कर हिसार ले जा रहे थे आरोपी, हादसे के बाद भागने में कामयाब हुआ युवक; वारदात में इस्तेमाल दो डंडे बरामद
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में आपसी रंजिश के चलते 23 वर्षीय युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी में सवार 5-6 युवक मारपीट कर विक्की उर्फ रोनी को जबरन अपने साथ ले गए। आरोपी उसे हिसार की ओर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे के बाद युवक उनके चंगुल से भागने में कामयाब हो गया। मामले में गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो डंडे भी बरामद किए हैं।
लेबर चौक से युवक को किया अगवा
पुलिस के अनुसार, घटना 7 अक्टूबर की शाम गढ़ी स्थित लेबर चौक की है। यहां विक्की उर्फ रोनी को क्रेटा गाड़ी में सवार युवक कथित तौर पर मारपीट करते हुए जबरन अपने साथ ले गए थे। पीड़ित के पिता की शिकायत पर थाना सेक्टर-10 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
सेल्समैन के काम को लेकर हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि कुछ समय पहले सेल्समैन के काम को लेकर विक्की और उसके दोस्त सचिन उर्फ कालू का प्रिंस, नितिन और उनके साथियों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाई।
आरोपी युवक को गाड़ी में बैठाकर हिसार की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान हांसी-बरवाला रोड पर गाड़ी के सामने गाय आने से हादसा हो गया। इसके बाद विक्की मौका पाकर वहां से भाग निकला।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन के रिमांड पर
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने मामले में नितिन (20), निवासी गांव पथराव, जिला महेंद्रगढ़ और खुश उर्फ मंजीत (19), निवासी गांव मारौत, जिला झज्जर को गिरफ्तार किया है। दोनों फिलहाल गुरुग्राम में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो डंडे बरामद किए हैं। दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

