गुरुग्राम। लेडी बाइकर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा BNS 109 भी जोड़ दी है। पहले सेक्टर-56 थाने में लापरवाही से गाड़ी चलाने और चोट पहुंचाने के आरोप में BNS 281 और BNS 125 के तहत केस दर्ज किया गया था।

दो दोस्तों को भी हिरासत में लेने की जानकारी

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने कल्याण बैसला के दो दोस्तों निंदर और प्रमोद को भी हिरासत में लिया है। बताया गया है कि हादसे वाले दिन 13 सितंबर को निंदर कल्याण को पलवल से लेकर आया था।

वहीं, प्रमोद पर कल्याण को गांव से भगाने का आरोप है। पुलिस इन दोनों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

सड़क पर गिर गई थीं शिवानी चौहान

कार की टक्कर से सड़क पर गिरी लेडी बाइकर की पहचान शिवानी चौहान उर्फ सिया के रूप में हुई है। वह दिल्ली की रहने वाली हैं।

शिवानी के पिता रोशन चौहान ने मीडिया को बताया कि उनकी बेटी ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है। शिवानी साल 2022 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम का चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

पिता भी आम आदमी पार्टी से जुड़े

रोशन चौहान भी आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने ही शिवानी की शिक्षा और राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी मीडिया को दी है।

मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैसला को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस उसके साथ हिरासत में लिए गए दोनों दोस्तों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H