गुरुग्राम पुलिस की एसपीआर चौकी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक 8 वर्षीय लापता बच्चे को महज 5 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से बच्चे को ढूंढकर कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।

सुशीला देवी गुरुग्राम। पुलिस की पुलिस चौकी एसपीआर टीम ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए महज 5 घंटे के भीतर एक 8 वर्षीय गुमशुदा बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस मानवीय कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

दोपहर में हुआ लापता

जानकारी के अनुसार बेगमपुर खटोला निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी एसपीआर में शिकायत दी कि उसका 8 वर्षीय बेटा पीयूष कुमार दोपहर करीब 2 बजे बिना बताए घर से कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

सीसीटीवी से मिली मदद

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने महज 5 घंटे के भीतर सेक्टर-35 क्षेत्र से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने गुरुग्राम पुलिस का आभार जताया।

अभिभावकों से की अपील

गुरुग्राम पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और यदि कोई बच्चा गुम हो जाए तो बिना देरी किए तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या चौकी में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर बच्चे को सुरक्षित ढूंढा जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि वह नागरिकों की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए 24 घंटे तत्पर है।