गुरुग्राम पुलिस के थाना सेक्टर-5 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास भटकी हुई एक 11 वर्षीय बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पुलिस ने बच्ची द्वारा दी गई स्कूल की जानकारी के आधार पर उसके परिजनों का पता लगाया और औपचारिकताएं पूरी कर उसे माता-पिता को सौंप दिया।
सुशीला देवी गुरुग्राम। पुलिस की संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई ने एक परिवार की खुशियां वापस लौटा दी हैं। रेलवे स्टेशन के पास भटकी हुई करीब 11 वर्षीय बच्ची को पुलिस थाना सेक्टर-5 की टीम ने सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर महज कुछ समय में उसके माता-पिता से मिलवा दिया।
स्कूल से मिला पता
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास एक नाबालिग बच्ची अकेली और लावारिस हालत में घूम रही है। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-5 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने साथ लेकर उससे बातचीत की। बच्ची द्वारा बताए गए स्कूल की जानकारी के आधार पर पुलिस टीम संबंधित स्कूल पहुंची, जहां से उसके परिजनों का पता लगाया गया और तुरंत संपर्क स्थापित किया गया।
पुलिस ने की अपील
आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस का आभार जताया और पुलिस की मानवीय कार्यशैली की सराहना की।
गुरुग्राम पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को घर का पता, माता-पिता का मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी अवश्य याद करवाएं। किसी भी बच्चे के गुम होने या भटका हुआ मिलने पर तुरंत डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाना/चौकी को सूचना दें।

