सुशीला देवी, गुरुग्राम। खांडसा के बुजुर्ग बलराम की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। अपराध शाखा यानी क्राइम ब्रांच की टीम ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल चौथे आरोपी को भी दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकेश उर्फ कालिया के रूप में हुई है, जो खांडसा का ही रहने वाला है। पुलिस ने उसे सेक्टर 40 की मार्केट से गिरफ्तार किया।

गाली-गलौज के विवाद में ली जान
यह पूरा मामला पुरानी रंजिश और आपसी कहासुनी से जुड़ा है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि 64 साल के बलराम अक्सर आरोपियों के साथ गाली-गलौज करते थे। इसी बात से नाराज होकर 12 और 13 जून की दरमियानी रात को आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बुजुर्ग को मौत के घाट उतार दिया।
शव को मोटरसाइकिल पर ले जाकर जलाया
वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने खौफनाक कदम उठाया। वे बुजुर्ग के शव को मोटरसाइकिल पर लादकर करीब 500 मीटर दूर एक सुनसान जगह ले गए। वहां उन्होंने शव को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने बलराम के हाथ की अंगूठी भी निकाल ली थी और उसे 70 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने वह अंगूठी बरामद कर ली है।
सीसीटीवी और लोकल इनपुट से खुला राज
बलराम 14 जून से लापता थे, जिसकी शिकायत परिजनों ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और स्थानीय मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। कड़ियों को जोड़ने के बाद इस मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठा। पुलिस इस केस में विशेष तोमर, मिथुन और संदीप को पहले ही जेल भेज चुकी है।
पकड़ा गया आरोपी है शातिर अपराधी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नया गिरफ्तार हुआ आरोपी मुकेश उर्फ कालिया बेहद शातिर है। उसके खिलाफ पहले से ही लूट, हत्या, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अवैध हथियार रखने जैसे 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

