गुरुग्राम पुलिस ने नौरंगपुर गांव में छापेमारी कर एक किराना दुकान और झुग्गी की आड़ में छिपाकर रखी गई 49 पेटी देसी और 35 पव्वे अंग्रेजी अवैध शराब बरामद की है।
सुशीला देवी, गुरुग्राम। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी बार गुर्जर, थाना खेड़की दौला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव नौरंगपुर में छापेमारी कर आरोपी विशाल उर्फ टिंकू (43) को काबू किया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले का निवासी है और वर्तमान में नौरंगपुर में रह रहा था। पुलिस जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 49 पेटी अवैध देसी शराब तथा 35 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना खेड़की दौला में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
किराना दुकान में छिपाकर रखी शराब
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने नौरंगपुर में झुग्गियों के पास परचून की दुकान खोल रखी थी। इसी दुकान और किराए की झुग्गी की आड़ में वह अवैध शराब का भंडारण और बिक्री कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी आबकारी अधिनियम के दो मामलों में संलिप्त पाया जा चुका है, जिससे उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का भी खुलासा हुआ है। गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब की सप्लाई कहां से की जा रही थी तथा इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

