गुरुग्राम जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए पटौदी क्षेत्र के एक शातिर अपराधी का अवैध मकान ढहा दिया है। आरोपी के खिलाफ नशा तस्करी और रंगदारी समेत 13 गंभीर मामले दर्ज हैं।

सुशीला देवी, गुरुग्राम। पुलिस द्वारा भूमि माफियाओं, नशा तस्करों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार बेहद सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर व्यापारी मोहल्ला, पटौदी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) में अवैध रूप से किए गए निर्माण की पहचान की गई। इसके बाद जिला प्रशासन के सहयोग से भारी मशीनरी की सहायता द्वारा इस अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त किया गया तथा संबंधित भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस बल मुस्तैद रहा। गुरुग्राम पुलिस का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना, क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा अपराधियों के अवैध आर्थिक तंत्र को पूरी तरह से समाप्त करना है।

शातिर अपराधी पर दर्ज हैं 13 मुकदमे

इस प्रशासनिक कार्रवाई में मुख्य अपराधी शोएब उर्फ सिक्कू निवासी व्यापारी मोहल्ला, पटौदी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) को चिन्हित किया गया था। उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (नशा तस्करी) के 04 अभियोग, जुआ अधिनियम के 03 अभियोग, आर्म्स एक्ट का 01 अभियोग, मारपीट, दंगा व तोड़फोड़ से संबंधित 03 अभियोग, एससी/एसटी एक्ट के 02 अभियोग तथा रंगदारी एवं जान से मारने की धमकी देने से संबंधित 01 अभियोग दर्ज हैं। इन सभी को मिलाकर आरोपी शोएब के खिलाफ विभिन्न गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के कुल 13 अभियोग पहले से अंकित हैं। वह लंबे समय से पुलिस की रडार पर चल रहा था।

प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद ढहाया मकान

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उपरोक्त अपराधी द्वारा वार्ड नम्बर-11, व्यापारी मोहल्ला, पटौदी में लगभग 120 वर्ग गज सरकारी भूमि पर एक मंजिला मकान का अवैध रूप से निर्माण किया हुआ था। उक्त अवैध निर्माण को सभी जरूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत भारी सुरक्षा के बीच ध्वस्त कर दिया गया। यह बड़ी कार्रवाई अपराध शाखा फर्रुखनगर, गुरुग्राम द्वारा जिला प्रशासन के समन्वय से थाना पटौदी क्षेत्र में सफलतापूर्वक की गई। गुरुग्राम पुलिस की कड़ी निगरानी में अवैध संरचना को हटाया गया तथा कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से सामान्य बनी रही।

अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

गुरुग्राम पुलिस ने इस कड़ी कार्रवाई के बाद स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों तथा अवैध कब्जों के विरुद्ध ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जिले को पूरी तरह अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को नेस्तनाबूद करने के लिए यह योजना तैयार की गई है। आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य चिन्हित नशा तस्करों और भू-माफियाओं के खिलाफ भी इसी प्रकार की बड़ी बुलडोजर कार्रवाई देखने को मिल सकती है, जिससे अपराधियों के हौसले पस्त हो सकें।