गुरुग्राम पुलिस और गुरुग्राम बार एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से एक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया है। इस खेल आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त रहने और साइबर अपराधों से बचने का मजबूत संदेश दिया गया।
सुशीला देवी, गुरुग्राम। क्रिकेट के मैदान से इस बार सिर्फ चौके-छक्कों की गूंज नहीं सुनाई दी, बल्कि नशामुक्त और साइबर सुरक्षित समाज का मजबूत संदेश भी दिया गया। गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा की सबसे बड़ी गुरुग्राम बार एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए नशे और साइबर अपराधों से दूर रहने का आह्वान किया।
पूर्व बार प्रधान कुलभूषण भारद्वाज की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसीपी यशवंत यादव और टैक्स बार एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष एडवोकेट आर.एन. यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का सबसे मजबूत माध्यम हैं, जबकि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए विनाशकारी साबित होता है।
साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी
इस दौरान गुरुग्राम पुलिस ने जागरूकता रथ और बैनरों के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और केवाईसी फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी भी दी।
लोगों से साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने और नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। कार्यक्रम में वकीलों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।

