गुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-4 में महिला थाना पश्चिम की पुलिस ने सोमवार को एक विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। इस दौरान दो निजी कंपनियों के करीब 300 महिला एवं पुरुष कर्मचारियों को साइबर अपराध, आत्मरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
सुशीला देवी, गुरुग्राम। महिला थाना पश्चिम की पुलिस ने महिला सुरक्षा और जनजागरूकता अभियान के तहत सोमवार को उद्योग विहार फेज-4 स्थित दो निजी कंपनियों में जागरूकता सेमिनार आयोजित कर करीब 300 महिला एवं पुरुष कर्मचारियों को सुरक्षा, कानून और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम पुलिस आयुक्त शिवास कविराज के दिशा-निर्देशों तथा डीसीपी मानेसर प्रबीना पी. के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य कामकाजी महिलाओं और पुरुषों को डिजिटल व शारीरिक रूप से सुरक्षित बनाना है। पुलिस ने कर्मचारियों को वर्तमान समय में बढ़ते अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी।
पुलिस टीम ने सिखाए सुरक्षा के गुर
निरीक्षक गीता के नेतृत्व में एल/एसआई पूनम और दुर्गा शक्ति टीम ने Ethics Group of Companies और Konexione Back Office Pvt. Ltd. में आयोजित सेमिनार के दौरान कर्मचारियों को आत्मरक्षा, महिलाओं और बच्चों से जुड़े कानून, डायल-112, ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा, साइबर ठगी से बचाव, सोशल मीडिया अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, नशे के दुष्प्रभाव, एड्स से बचाव, यातायात नियमों और कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। पुलिस टीम ने सभी को बताया कि बदलते दौर में अपराधियों के तौर-तरीकों को समझकर खुद को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी हो चुका है।
नशा मुक्ति और सहयोग की अपील
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधियों की कार्यप्रणाली को समझकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है। साथ ही कर्मचारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत डायल-112 पर सूचना देने की अपील की गई। कार्यक्रम में नशा मुक्त समाज का संदेश देते हुए स्वस्थ और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया। गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि आमजन की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए पुलिस 24 घंटे तत्पर है। इस सेमिनार के माध्यम से कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की विभिन्न ऐप और हेल्पलाइन नंबरों का सही उपयोग करने के तरीके भी सिखाए गए।

