गुरुग्राम के सेक्टर-104 और 106 में गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचकर कथित तौर पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने कुल 14 लोगों पर निवारक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए आठ वाहनों को भी जब्त किया है।

सुशीला देवी, गुरुग्राम। सेक्टर-104 और सेक्टर-106 में गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचकर कथित तौर पर धमकी देने के वायरल वीडियो मामले में गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए छह अन्य व्यक्तियों को काबू कर उनके खिलाफ धारा 126/170 बीएनएसएस के तहत निवारक कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई तीन कारें भी बरामद की हैं।

यह मामला 15 जुलाई का है, जब एक ठेकेदार ने राजेंद्र पार्क थाना में शिकायत दी थी कि करीब 20 वाहनों में सवार 50-60 लोग उसकी साइटों पर पहुंचे और कर्मचारियों व सुरक्षा गार्डों को धमकाया। शिकायत में रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और काम बंद कराने के आरोप लगाए गए थे।

जांच में मिले तथ्य

मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-10 और राजेंद्र पार्क थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए रंगदारी और काम बंद कराने जैसे आरोप सत्य नहीं पाए गए। हालांकि, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले आठ व्यक्तियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई थी और पांच स्कॉर्पियो जब्त की गई थीं।

कुल 14 पर कार्रवाई

फॉलो-अप कार्रवाई में अब छह अन्य लोगों पर भी निवारक कार्रवाई की गई है तथा तीन और कारें बरामद हुई हैं। इस मामले में अब तक कुल 14 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ वाहन जब्त किए जा चुके हैं।