गुरुग्राम पुलिस ने शनिवार को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 228 लोगों पर कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि यह कदम शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

गुरुग्राम। पुलिस ने शनिवार को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 228 लोगों के विरुद्ध निवारक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि यह अभियान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों, महिलाओं व बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया।

विशेष अभियान के तहत चेकिंग

विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने बाजारों, मुख्य मार्गों, पार्कों, शराब के ठेकों के आसपास और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए 228 लोगों को हिरासत में लेकर संबंधित थानों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।

जोन वार पुलिस की कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान पुलिस जोन पूर्व से 78, पश्चिम से 73, दक्षिण से 48 और मानेसर जोन से 29 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से अक्सर झगड़े, हुड़दंग और शांति भंग होने जैसी घटनाएं बढ़ती हैं, इसलिए ऐसे मामलों में लगातार सख्ती बरती जा रही है।

भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें और यदि कहीं ऐसी गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत हेल्पलाइन 112 या नजदीकी पुलिस थाना/चौकी को सूचना दें।