गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार को 29 वर्षीय एक युवक ने अचानक ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। ट्रेन की तेज टक्कर के कारण युवक की गर्दन धड़ से अलग होकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

3-4 दिन पहले ही मेगा मॉल में शुरू की थी नौकरी

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजेंद्र पार्क निवासी मोहित (29) के रूप में हुई है। मोहित अविवाहित था और नौकरी की तलाश में गुरुग्राम आया था। परिजनों के मुताबिक, उसने महज 3-4 दिन पहले ही दौलताबाद फ्लाईओवर के पास स्थित एक मेगा मॉल में नई नौकरी शुरू की थी।

क्षत-विक्षत शव को पुलिस ने अस्पताल भिजवाया

घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय स्टेशन मास्टर और राजकीय रेलवे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी के जांच अधिकारी बाबूलाल और एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेलवे ट्रैक और उसके आसपास बिखरे शव के हिस्सों को एकत्रित किया और उसे नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

घटनास्थल से नहीं मिला दस्तावेज, पुलिस खंगाल रही मोबाइल

जीआरपी के जांच अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि घटनास्थल से कोई ऐसा दस्तावेज या सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे इस कदम के सटीक कारणों का पता चल सके। पुलिस अब मोहित के निजी जीवन, पारिवारिक स्थिति और उसके नए कार्यस्थल की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और हालिया मैसेजेस भी खंगाले जा रहे हैं।

घर पहुंची मौत की खबर, परिजनों में मचा कोहराम

मोहित की अचानक मौत की खबर जैसे ही उसके राजेंद्र पार्क स्थित घर पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के परिजनों तथा उसके दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m