गुरुग्राम। सेक्टर-29 में देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक सीनियर कस्टमर केयर प्रोफेशनल पर धारदार हथियार से हमला कर उनका iPhone 17 लूट लिया। वारदात के समय युवक फोन पर बात करते हुए दोस्तों का इंतजार कर रहे थे। हेलमेट पहने दोनों आरोपी वारदात के बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन्स निवासी वैभव अमेरिकन एक्सप्रेस में सीनियर कस्टमर केयर प्रोफेशनल हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ एक रिश्तेदार से मिलने सेक्टर-58 गए थे। रात को लौटते समय वह दोस्तों से मिलने सेक्टर-29 पहुंचे।

पिता गाड़ी लेकर आगे बढ़े, तभी हुआ हमला

वैभव के अनुसार, हुडा जिमखाना क्लब के पीछे जगुआर वाइन्स के बाहर उनके पिता ने उन्हें गाड़ी से उतार दिया और खुद गाड़ी लेकर आगे चले गए। इस दौरान वैभव अपने दोस्त से फोन पर बात कर रहे थे और दोस्तों के आने का इंतजार कर रहे थे।

इसी बीच बाइक पर हेलमेट पहने दो व्यक्ति वहां पहुंचे। आरोपियों ने उन पर किसी धारदार हथियार से हमला किया और उनके हाथ से iPhone 17 छीन लिया। इसके बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए।

राहगीर की मदद से किया पीछा

वैभव ने बताया कि उन्होंने एक राहगीर की मदद से आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। इसके बाद उन्होंने राहगीर की मदद से अपने पिता और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m