सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित साई मंदिर के पास एचएसएनसीबी ने एक नाइजीरियन नागरिक को 15.04 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशीला पदार्थ सप्लाई करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया।

गुप्त सूचना पर पहुंची टीम
एचएसएनसीबी गुरुग्राम यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवीन के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक नाइजीरियन नागरिक एमडीएमए की सप्लाई करता है। वह सेक्टर-53 में किसी व्यक्ति को नशीला पदार्थ देने के लिए पहुंचा है।
सूचना के आधार पर टीम ने बताए गए हुलिए के अनुसार आरोपी को काबू किया। पूछताछ में उसकी पहचान उडेह फ्रैंक निवासी एनुगु, नाइजीरिया के रूप में हुई।
पैंट की जेब से मिली MDMA
पुलिस के मुताबिक, राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। इस दौरान उसकी पैंट की जेब से सफेद प्लास्टिक की थैली मिली। इसमें एमडीएमए रखा हुआ था। डिजिटल कांटे से नशीले पदार्थ का वजन किया गया। इसकी कुल मात्रा 15.04 ग्राम निकली।
ड्रग नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही जांच एजेंसियां
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-53 थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब जांच एजेंसियां आरोपी से जुड़े ड्रग सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं।
जांच में उसके स्थानीय संपर्कों और संभावित खरीदारों की कड़ियां भी खंगाली जा रही हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


