गुरुग्राम पुलिस ने 5 लाख रुपये के सरिए चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए नूंह जिले के 4 आरोपियों को दबोच लिया है। वारदात में प्रयुक्त कैंटर भी बरामद हुआ है।

सुशीला देवी, गुरुग्राम। सेक्टर-56 स्थित एक निर्माणाधीन मकान से करीब 5 लाख रुपये कीमत के 34 बंडल लोहे के सरिए चोरी करने वाले एक सक्रिय गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में नूंह जिले के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए एक आयशर कैंटर को भी बरामद कर लिया है। घटना 30 जनवरी 2026 को सामने आई थी, जब मकान मालिक ने सेक्टर-56 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 27-28 जनवरी की रात अज्ञात बदमाशों ने राठी कंपनी के 34 बंडल सरिए चोरी कर लिए हैं। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने जांच तेज कर दी थी।

रेकी कर दिया था चोरी को अंजाम

अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साबिर उर्फ डेनी, दीपक, मुस्तकीम उर्फ बुल्लड़ और अमित उर्फ अमीती के रूप में हुई है, जो सभी नूंह जिले के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और वारदात से पहले उन्होंने निर्माणाधीन मकान की बाकायदा रेकी की थी। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से रात के अंधेरे में अपने अन्य साथी के साथ मिलकर वे कैंटर लेकर आए और सरिए लादकर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का माल और वाहन बरामद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

फरार आरोपी की पुलिस कर रही तलाश

फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनसे जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सके। पुलिस के अनुसार, इस गैंग का एक अन्य साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह कार्रवाई निर्माणाधीन साइटों की सुरक्षा पर भी एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। पुलिस अधिकारियों ने मकान मालिकों से सतर्क रहने और साइटों पर सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी है ताकि उनसे रिकवरी और अन्य मामलों के संबंध में और अधिक जानकारी जुटाई जा सके।