गुरुग्राम। दोहरे ब्लास्ट में एनआईए की लापरवाही पर भड़का कोर्ट, कहा- एजेंसी का रवैया प्रशंसनीय नहीं पंचकूला स्थित विशेष एनआईए (NIA) अदालत ने गुरुग्राम दोहरे ब्लास्ट केस की सुनवाई के दौरान आरोपी को मांगे गए दस्तावेजों की स्पष्ट और पूरी प्रतियां न देने पर जांच एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई है। हरियाणा के विशेष न्यायाधीश (NIA) विजयंत सहगल ने टिप्पणी करते हुए कहा कि एजेंसी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 230 के तहत अपनी कानूनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल रही है।
अदालत ने कहा- चार्जशीट के दस्तावेज देना एजेंसी का फर्ज
विशेष न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि आरोपी सचिन तलियान द्वारा मांगे गए दस्तावेज एनआईए की ओर से दाखिल फाइनल रिपोर्ट का ही हिस्सा हैं। ऐसे में एजेंसी के लिए यह अनिवार्य था कि वह अपनी फाइनल रिपोर्ट में शामिल सभी दस्तावेजों की साफ और पढ़ने योग्य प्रतियां आरोपी को उपलब्ध कराए।
अतिरिक्त समय मांगने की अर्जी खारिज, कोर्ट ने जताई नाराजगी
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि एनआईए ने आरोपी सचिन तलियान की उस अर्जी पर न तो कोई जवाब दिया और न ही मांगे गए अस्पष्ट, धुंधले व अधूरे दस्तावेज सौंपे। एजेंसी ने रिकॉर्ड और डेटा ज्यादा होने का तर्क देकर एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा था। अदालत ने इस मांग को ठुकरा दिया और कहा कि एनआईए को पहले ही 15 दिन का समय दिया जा चुका था। कोर्ट ने सख्त लहजे में कहा कि एजेंसी का यह आचरण “प्रशंसनीय नहीं कहा जा सकता”।
गोल्डी बराड़ और रंदीप मलिक पर अनुपस्थिति में चलेगा मुकदमा
सुनवाई के दौरान फरार गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ और रंदीप सिंह उर्फ रंदीप मलिक के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 356 के तहत ‘ट्रायल इन एब्सेंटिया’ (अनुपस्थिति में मुकदमा) शुरू करने पर चर्चा हुई। इनके लिए कानूनी सहायता वकील नियुक्त करने के आवेदन पर अब अगली सुनवाई में बहस की जाएगी।
दिसंबर 2024 में सेक्टर-29 में हुए थे दोहरे धमाके
यह मामला दिसंबर 2024 का है, जब गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित वेयरहाउस क्लब और ह्यूमन क्लब के पास दो धमाके हुए थे। सुनवाई के दौरान जेल में बंद आरोपी अंकित कुमार, विजय, अजीत शेरावत, विनय और राम दत्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अदालत में पेश किया गया। वहीं जमानत पर चल रहे आरोपी सचिन तलियान और भाविश व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर हुए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

