कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश चोरों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुरार, ठाठीपुर और विश्वविद्यालय थाना पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 4 नकबजनों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 45 लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और एक चोरी की बाइक बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले दिन में सूने मकानों की रेकी करते थे और फिर रात के अंधेरे में ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे।
पहली कार्रवाई मुरार थाना क्षेत्र के सूरी नगर में हुई चोरी के मामले में की गई। जहां 25 अगस्त की रात सूने मकान से करीब 37 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नदी संतर के पास से सोनू उर्फ सोना जाटव और सूरज जाटव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी बंटू के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। हालांकि बंटू अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम प्यार का खौफनाक अंत: भांजी से फोन कराकर बुलाया, मामा ने पत्थरों से कुचलकर उतारा मौत के घाट
वहीं ठाठीपुर थाना क्षेत्र की नेहरू कॉलोनी में 21 अगस्त को किरायेदार के बंद मकान में चोरी की वारदात हुई थी। इस मामले में पुलिस ने खलीफा कॉलोनी निवासी अजय उर्फ चेला रजक (19) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की सोने की झुमकी, एक आईफोन और चोरी की होंडा बाइक क्रमांक MP07-ZT-3341 बरामद की गई है। इधर विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महलगांव में 18 अगस्त को सूने मकान से करीब 6 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए थे। इस मामले में पुलिस ने राहुल उर्फ हड्डी (22) को उसकी ससुराल मेहरा कॉलोनी से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मांग टीका, झाले, टॉप्स और अंगूठी सहित चोरी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। दिन के समय बंद और सूने मकानों की पहचान कर रेकी की जाती थी, जिसके बाद रात में ताले तोड़कर चोरी की वारदात की जाती थी। पुलिस अब फरार आरोपी बंटू की तलाश में जुटी है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



