इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक हत्या के साथ हुआ। ग्राम नानकी निवासी संदीप गौड़ की इंस्टाग्राम दोस्ती से नाराज लड़की के मामा ने अपनी ही भांजी का इस्तेमाल कर युवक को जाल में फंसाया और फिर पत्थरों से सिर व चेहरा कुचलकर उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को घने जंगल में चट्टानों की दरार में छिपा दिया गया था।

ये भी पढ़ें: कल्पना मिश्रा मौत मामले में आंदोलन! पानी में उतरे प्रदर्शनकारी, कहा- ‘जब तक न्याय नहीं, हटने वाले नहीं!’

इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान, मामा को खटक रही थी नजदीकी

मृतक संदीप गौड़ की पहचान पास के गांव की रहने वाली एक किशोरी से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और नजदीकियां बढ़ने लगीं। यह बात लड़की के 26 वर्षीय मामा नीरज उर्फ नल्लू गौड़ को नागवार गुजर रही थी। मामा ने संदीप और अपनी भांजी दोनों को बातचीत बंद करने की सख्त चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों का संपर्क जारी रहा। इसके बाद मामा ने संदीप को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

खेतों में मिलने का झांसा, जंगल में घसीटकर ले गए आरोपी

आरोपी मामा नीरज ने अपनी नाबालिग भांजी के जरिए ही संदीप को फंसाने के लिए ‘लव ट्रैप’ का ताना-बाना बुना। जानकारी के मुताबिक 9 सितंबर की देर रात भांजी से संदीप को फोन करवाया गया और घर के पीछे खेतों में मिलने के लिए बुलाया। संदीप जैसे ही तय जगह पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे मामा नीरज और उसके साथी राजबहादुर ने उसे दबोच लिया।

दोनों आरोपी युवक को घसीटते हुए पास के घने जंगल में ले गए। वहां आरोपियों ने भारी पत्थरों से संदीप के सिर और चेहरे पर तब तक प्रहार किए जब तक कि उसकी जान नहीं निकल गई। हत्या के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य नष्ट करने के इरादे से आरोपियों ने शव को चट्टानों की गहरी दरार में पत्थरों के नीचे दबा दिया।

ये भी पढ़ें: 10 किमी लंबी सड़क पर सियासत! यूट्यूबर लीला साहू का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, लगाए गंभीर आरोप

3 दिन बाद जंगल से मिला कंकालनुमा शव

संदीप के घर न लौटने पर परिजनों ने 10 सितंबर को बृजपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की सुई लड़की के परिजनों पर घूमी। एडिशनल एसपी ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि पन्ना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 सितंबर को जंगल से संदीप का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी मामा नीरज उर्फ नल्लू गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सना भारी पत्थर और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने इस साजिश में शामिल नाबालिग भांजी को भी संरक्षण में ले लिया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी राजबहादुर फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m