अमित पांडेय, सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में अपने गांव की खस्ताहाल सड़क को लेकर चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर लीला साहू ने मोर्चा खोल दिया है। खड्डी से बगैहा तक की 10 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य लगातार 2 सालों से अधूरा रहने के विरोध में लीला साहू अपने गांव खड्डी में आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई हैं। ग्रामीणों ने मौके पर टेंट-पंडाल लगा लिया है और प्रदर्शन लगातार जारी है।
ये भी पढ़ें: ओवैसी की एंट्री से पहले MP में घमासान: तौकीर निजामी ने पूछा- कांग्रेस विधायकों के सामने कौन लड़ेगा?
5 किमी सड़क बनी, आगे का काम रुका
लीला साहू का कहना है कि खड्डी से बगैहा पहुंच मार्ग कुल 10 किलोमीटर लंबा है, जिसमें से गजरी तक 5 किलोमीटर की सड़क का निर्माण हो चुका है, लेकिन आगे का काम अधर में अटका हुआ है। लीला साहू ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह सड़क दो विधानसभा क्षेत्रों धौहनी और चुरहट में आती है। बीजेपी विधायक की विधानसभा क्षेत्र तक का सड़क निर्माण कार्य तो पूरा कर लिया गया, लेकिन दूसरी तरफ का काम अधूरा छोड़ दिया गया। इसी भेदभाव और वादाखिलाफी से नाराज होकर उन्हें ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरना पड़ा। वहीं आपको बता दें कि बची हुई सड़क चुरहट विधानसभा के अंतर्गत आती है, जहां के विधायक कांग्रेस नेता अजय सिंह हैं।
जानिए कौन हैं चर्चित यूट्यूबर लीला साहू और क्यों हैं फेमस?
सीधी जिले की रहने वाली लीला साहू मध्य प्रदेश की एक बेहद लोकप्रिय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर, यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर हैं। लीला साहू मुख्य रूप से अपने ग्रामीण जीवन और विंध्य क्षेत्र की प्रसिद्ध बघेली बोली में कंटेंट बनाने के लिए जानी जाती हैं।
ये भी पढ़ें: जहरीली शराब कांड के आरोपी की शादी में डांस करते नजर आए PCC चीफ जीतू पटवारी? सोशल मीडिया पर फोटो वायरल
यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। उनका सरल, सहज और विशुद्ध ग्रामीण अंदाज़ लोगों को बहुत पसंद आता है, जिसकी वजह से उनके वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं। सोशल मीडिया स्टार होने के बावजूद लीला अपने क्षेत्र की समस्याओं को बेबाकी से उठाने के लिए जानी जाती हैं, जिसके चलते स्थानीय जनता में उनकी मजबूत पकड़ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

