कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। पति ने पत्नी के शरीर पर कैंची से 8 से 10 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद आरोपी पति फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। यह पूरा मामला माधौगंज थाना क्षेत्र का है।

माधौगंज थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर कॉलोनी में रहने वाला कमल सेन मुरैना में सैलून में काम करता है। साल 2010 में उसकी शादी गुढ़ा निवासी डॉली सेन से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें 12 साल का बेटा और 3 साल की बेटी शामिल है। घायल डॉली का आरोप है कि उसका पति कमल पिछले करीब एक साल से शराब के नशे में उसके साथ रोज मारपीट करता था। इससे परेशान होकर वह दो महीने से मायके में रह रही थी और पति के सामने शर्त रखी थी कि शराब छोड़ने के बाद ही वह उसके साथ रहेगी।

ये भी पढ़ें: Instagram चैटिंग के शक में पति बना हैवान, पहले काटे बाल फिर पत्नी पर चाकू से किए कई वार

शराब छोड़ने का भरोसा देकर घर वापस बुलाया

आरोप है कि रविवार को कमल ने शराब छोड़ने का भरोसा देकर डॉली को वापस घर बुलाया। दोनों बच्चों के साथ घूमने भी गए, लेकिन लौटते समय कमल ने फिर शराब पी ली। घर पहुंचकर डॉली ने इसका विरोध किया तो आरोपी भड़क गया और कैंची से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर 12 साल का बेटा बीच-बचाव के लिए पहुंचा और मां की जान बचाई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता का आरोप है कि उसे पति से जान का खतरा है। शिकायत के बाद माधौगंज थाना पुलिस ने आरोपी कमल सेन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m