कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में इंस्टाग्राम पर चैटिंग के शक ने एक प्रेम विवाह को खूनी विवाद में बदल दिया। जनकगंज थाना क्षेत्र के बावन पायगा इलाके में पति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उसने पत्नी के बाल काटे और फिर चाकू से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को जयरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

घायल महिला निशा अहिरवार बावन पायगा इलाके की रहने वाली है। करीब चार महीने पहले उसने गोल पहाड़िया निवासी विकास पाल से प्रेम विवाह किया था। विकास महाराज बाड़ा इलाके में चाट का ठेला लगाता है। बताया जा रहा है कि निशा के इंस्टाग्राम इस्तेमाल करने को लेकर विकास को शक था कि उसका किसी दूसरे युवक से संपर्क है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच जन्माष्टमी के दौरान विवाद हुआ था।

ये भी पढ़ें: पिता है या जल्लाद ! नाबालिग बेटी के रेप केस में जेल से आया बाहर, बेटे के साथ किया अप्राकृतिक दुष्कर्म

इसके बाद निशा अपने मायके जाकर रहने लगी थी। जब निशा अपने घर में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान विकास शराब के नशे में वहां पहुंचा। उसने पहले कैंची से निशा के बाल काटे और इसके बाद चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में निशा के चेहरे, गर्दन, पीठ, हाथ और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। निशा की चीख सुनकर उसकी बहनें और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी चाकू लहराते हुए वहां से भाग निकला।

घटना के समय निशा की मां बाजार गई हुई थी। परिजन घायल निशा को तत्काल जयरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही जनकगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी विकास पाल को हिरासत में लेकर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m