कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में एक बार फिर बदमाशों के हौसले बुलंद नजर हैं। शहर के बहोड़ापुर इलाके में भरे बाजार मोमोज खाने पहुंचे 25 साल के युवक की सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान विवेक मीणा के रूप में हुई है, जो बजरंग दल के जिला सहमंत्री चेतन मीणा का छोटा भाई था। हत्या के बाद गुस्साए परिजनों ने थाने पर पहुंचकर चक्काजाम किया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

दरअसल, मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर चौपाटी का है। जहां विवेक मीणा मोमोज खाने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने पहले मोमोज का ठेला लगाने वाले को डराया और इसके बाद विवेक से विवाद शुरू हो गया। विवेक ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और फिर कट्टे से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही विवेक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: ‘जान खतरे में है, पहाड़ पर छिपे हैं…’ फिर कट गया फोन, नेपाल की बाढ़ में भोपाल का पूरा परिवार लापता, 29 लोगों का सुराग नहीं

मारपीट के बाद चलाई गोली, परिजनों का चक्काजाम

पूरा घटनाक्रम बेहद कम समय में हुआ। बताया जा रहा है कि मोमोज लेने को लेकर शुरू हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। तीनों बदमाशों ने पहले विवेक के साथ मारपीट की और इसके बाद गोली चला दी। विवेक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और समर्थक बहोड़ापुर थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए चक्काजाम कर दिया।

तीन संदिग्धों के नाम आए सामने

विवेक के परिवार का आरोप है कि जिन बदमाशों ने खुलेआम हत्या की, उनके हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि भरे बाजार में गोली चलाने से भी नहीं डरे? पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तीन संदिग्धों के नाम लाला, राहुल और शुभम सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, इनकी तलाश में पांच टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। विवेक मीणा नई सड़क स्थित एक क्लिनिक में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। वह सामान लेकर लौटते समय आनंद नगर चौपाटी पर मोमोज खाने रुका था, लेकिन शायद उसे अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पल बाद यह जगह उसके लिए मौत का मैदान बन जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m