कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक शातिर चोर ने पंजाब नेशनल बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की। देर रात बैंक का ताला तोड़कर अंदर घुसे आरोपी ने लॉकर तक पहुंचने और उसे तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। वारदात CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की जेल रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा का है। जहां 10 जून की रात करीब 10 बजे के करीब एक अज्ञात चोर बैंक का मुख्य ताला तोड़कर अंदर घुस गया। चोर ने बैंक के भीतर लगे अन्य तालों को भी तोड़ने की कोशिश की और लॉकर तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन इसमें वह सफल नहीं हो पाया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। अगली सुबह जब बैंक स्टाफ पहुंचा तो मुख्य ताले टूटे मिले।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में थोकबंद तबादले: राज्य प्रशासनिक सेवा के 150 से ज्यादा अफसरों का ट्रांसफर, यहां देंखे पूरी सूची
हालांकि राहत की बात यह रही कि बैंक का लॉकर सुरक्षित था और किसी तरह की नकदी या सामान चोरी नहीं हुआ। इसके बाद शाखा प्रबंधक प्रशांत पाठक और असिस्टेंट मैनेजर अरविंद सिंह ने बहोड़ापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक बैंक के अंदर घुसकर चोरी का प्रयास करता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान बैंक के ही पास रहने वाले संजय उर्फ गुल्ली भदौरिया के रूप में की। इसके बाद दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी अन्य वारदात में भी शामिल रहा है या नहीं।

