कमल वर्मा, ग्वालियर। ग्वालियर के शिवानी नगर में एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में बदल गया, जब हवन की लकड़ी तोड़ने की छोटी सी बात पर दूल्हा और दुल्हन पक्ष आपस में भिड़ गए। मंडप में जमकर जूतम-पैजार हुई और शादी की खुशियां हंगामे में बदल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मारपीट कर रहे वर-वधू पक्ष के 4 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों पर मारपीट और शांति भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दअरसल, ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के मोती झील पर रहने वाले सतीश पाल की चचेरी बहन की शादी की रस्में चल रही थीं। बारात की अगवानी के बाद फेरों की तैयारी थी। मंडप में पंडितजी ने दूल्हे के मौसेरे भाई विशाल से हवन के लिए लकड़ी तोड़ने को कहा। विशाल ने लकड़ी तोड़ने की कोशिश लेकिन वह लकड़ी नहीं तोड़ पाया तो पंडितजी ने मजाक में कह दिया कि जब एक छोटी लकड़ी नहीं तोड़ पाए तो जिंदगी में क्या करोगे।
ये भी पढ़ें: ‘मरुंगा या मारूंगा’, कपड़े उतार पानी टंकी में कूदने पहुंचे पार्षद, जनता ने निगम कर्मचारियों को बनाया बंधक
इस छोटे से कमेंट पर विशाल ने सबके सामने पंडितजी से अभद्रता शुरू कर दी। जब घराती पक्ष ने उसे चुप कराने की कोशिश की तो कहासुनी के बाद. बात मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते मंडप में कुर्सियां चलीं और दोनों पक्ष एक दूसरे से भिड़ गए। दुल्हन और महिलाएं घबरा गईं। कुछ देर के लिए शादी की रस्में रुक गईं। विशाल का कहना है कि वधू पक्ष के अंकित बघेल, गोलू और सौरभ ने उसे पीटा है।
ये भी पढ़ें: सांसद के छोटे भाई ने किया सुसाइड: तड़के सुबह कुएं में कूदकर दी जान, परिवार समेत समर्थकों में शोक की लहर
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम शादी के मंडप में पहुंची। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों के उपद्रवियों को अलग किया और 4 लोगों को थाने ले आई। पुलिस का कहना है कि मारपीट और शांति भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस की समझाइश के बाद देर रात शादी की रस्में फिर शुरू हुईं।


