कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर क्राइम विंग ने एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड और सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। विंडसर हिल्स स्थित एक किराए के डुप्लेक्स में ऑफिस बनाकर ऑनलाइन सट्टा, गैम्बलिंग और बैंक खातों की खरीदफरोख्त का काम करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे नेटवर्क तक पुलिस को पहुंचाने में आम लोगों की सूचना अहम साबित हुई है। जांच में आरोपियों के दुबई और श्रीलंका से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के सुराग भी मिले हैं।
READ MORE: Khajrana Ganesh Indore: 7 करोड़ के आभूषणों से हुआ खजराना गणेश का भव्य श्रृंगार, सवा लाख मोदक का लगेगा भोग; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दरअसल साइबर क्राइम विंग को शहर के पॉश इलाके विंडसर हिल्स स्थित एक डुप्लेक्स में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए डुप्लेक्स से पांच युवकों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी एक साथ किराए के मकान में रहकर उसे अपने ऑफिस के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 मोबाइल फोन, 37 सिम कार्ड, 11 एटीएम कार्ड, 3 लैपटॉप और 6 बैंक पासबुक सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
एएसपी सुजावल जग्गा के मुताबिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी हर महीने करीब 7 से 8 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन करते थे। यानी सालभर में यह आंकड़ा लगभग 100 करोड़ रुपए तक पहुंचने की बात सामने आई है। आरोपी 100 पैनल नाम की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। इसके अलावा बैंक खातों की खरीद फरोख्त और ऑनलाइन गैम्बलिंग के जरिए भी नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में चार ग्वालियर और एक दतिया जिले का रहने वाला है। सभी की उम्र करीब 28 साल बताई जा रही है और शुरुआती जांच में सामने आया है कि जल्दी पैसा कमाने की चाह में यह पूरा नेटवर्क खड़ा किया गया था।
आरोपियों के मोबाइल फोन में कई बैंक खातों की जानकारी भी मिली है, जिनका विवरण संबंधित बैंकों से जुटाया जा रहा है। वहीं जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। पुलिस अब बैंकिंग डाटा और तकनीकी जांच के आधार पर साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन सट्टा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही डुप्लेक्स किराए पर देने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



