हेमंत शर्मा, इंदौर। गणेश उत्सव के पावन अवसर पर इंदौर के सुप्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में अद्भुत भक्ति और उत्साह का माहौल है। उत्सव के पहले दिन ब्रह्म मुहूर्त में भगवान गणेश का पंचामृत से विशेष अभिषेक किया गया। इसके पश्चात भगवान खजराना गणेश का लगभग 7 करोड़ रुपए मूल्य के बहुमूल्य आभूषणों से अलौकिक और भव्य श्रृंगार किया गया है।

हीरे जड़ित नेत्र और सोने-चांदी के आभूषण बने आकर्षण का केंद्र 

श्रृंगार के दौरान भगवान गणेश को विशेष रूप से हीरे जड़ित नेत्र अर्पित किए गए। सोने, चांदी और बेशकीमती हीरों से सजे गजानन का यह रूप श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गणेश उत्सव के दौरान सभी भक्त भगवान गणेश के इस विशेष और दिव्य रूप के दर्शन कर सकेंगे।

सवा लाख मोदक का लगेगा महाभोग 

धार्मिक परंपरा के अनुसार, गणेश उत्सव के पावन पर्व पर भगवान खजराना गणेश को सवा लाख मोदक और लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा, जिसे बाद में भक्तों में प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा।

सुरक्षा और दर्शन के कड़े इंतजाम 

गणेश उत्सव के दौरान लाखों की संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि भक्त सुगमता से दर्शन कर सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m