सतीश दुबे, डबरा (ग्वालियर)। मध्य प्रदेश के डबरा में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। जहां दो मंजिला जर्जर मकान की छत गिरने से सात लोग दब गए। इस घटना में 2 साल के मासूम और उसकी मां की मौत हो गई। जबकि पिता और चार बेटियां घायल हुई है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत देखते हुए पिता और दो बेटियों को ग्वालियर रेफर किया गया है।
यह पूरा मामला डबरा शहर के जंगीपुरा का है। जहां बुधवार की रात जर्जर दो मंजिला मकान के कमरे की छत गिर गई। जिससे कमरे के अंदर मौजूद सात लोग मलबे में दब गए। घटना में 2 साल के मासूम बेटे आदित्य और मां सीमा की मौत हो गई। पिता और चार बेटियां घायल बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि जब घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे तो इलाज सही से नहीं मिल पाया और ड्यूटी डॉक्टर ने इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाने की बात कही। जिसके कारण मां-बेटे की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: बारिश बनी आफत: सोते परिवार पर भरभराकर गिरा खपड़ैल मकान, मलबे में दबे पति-पत्नी और मासूम बच्ची
आपको बता दे कि 4 बेटियों के बाद इस घर में बेटा हुआ था, जिसकी मां के साथ सोते समय छत के मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने जद्दोजहद कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। मामले में SDM नवकिरण कौर का कहना है कि मकान जर्जर था और बारिश के कारण यह हादसा हुआ है। घटना के बाद अब अन्य जर्जर मकानों को चिन्हित करने की बात भी SDM ने कही है। साथ ही इलाज के दौरान अगर लापरवाही हुई है तो उसके लिए भी जांच और कार्यवाही का भरोसा दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



