कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के शीतला मंदिर हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर मृतकों के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।
शीतला मंदिर हादसे के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब मृतकों के शव वहां पहुंचने लगे। मृतकों की संख्या 12 से बढ़कर 15 होने के बाद परिजनों में आक्रोश देखा गया। परिजनों ने हादसे के लिए पुलिस-प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया और न्याय की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया। एसपी धर्मवीर सिंह भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और हालात पर नजर रखी।
इलाज का पूरा खर्च उठाएगी सरकार
उधर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि ग्वालियर में ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने सभी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी सरकार उठाएगी।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर के शीतला माता मंदिर पर बड़ा हादसा: 12 से ज्यादा लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल
लापरवाही मिली तो दोषियों पर होगी कार्रवाई- मंत्री राकेश सिंह
मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए। सीएम के निर्देश पर मंत्री राकेश शुक्ला, मंत्री एदल सिंह और सांसद भारत सिंह कुशवाह ट्रामा सेंटर पहुंचे। मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों, घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। यदि लापरवाही हुई है तो जांच होगी। दोषियों पर कार्रवाई होगी।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया और दिल्ली की सीएम ने जताया शोक
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी दुख जताया है। उन्होंने श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु को हृदयविदारक बताया और मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। सभी घायलों का निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंधिया ने कहा कि इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ है। मां जगदम्बा से दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा- मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के समीप हुई सड़क दुर्घटना में श्रद्धालुओं के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें और सभी घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर ट्रक हादसे पर सीएम डॉ मोहन ने जताया दुखः मृतकों के परिजनों को 4- 4 लाख और घायलों को सहायता राशि का ऐलान
कांग्रेस ने की ये मांग
वहीं कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए मुआवजे की राशि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये और घायलों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग रखी है।
मृतक के परिजन बोले- न्याय चाहिए
हादसे पर मृतकों के परिजनों का कहना है कि उन्हें सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि न्याय भी चाहिए। मृतक के परिजन विद्याराम त्यागी ने कहा कि हमें न्याय चाहिए। वहीं हादसे के बाद उठ रहे सवालों के बीच अब प्रशासन की जवाबदेही और पीड़ित परिवारों को राहत देने की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
कैसे हुआ हादसा?
गौरतलब है कि दरअसल, ग्वालियर के सातउं गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे हुए थे। इस दौरान डबरा की ओर से पंजाब आरटीओ पास धान से भरा हुआ ट्रक चीनोर से शीतला माता मंदिर की ओर उतरने वाली ढलान पर खड़ा हुआ था। इसी दौरान अचानक प्रेशर रिलीज होने की आशंका के बीच ट्रक नीचे ढलान की ओर तेजी से आगे बढ़ा और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं को रौंदता हुआ मंदिर के मुख्य एंट्री गेट तक जा पहुंचा।
15 की मौत, 25 से ज्यादा घायलों का इलाज जारी
पुलिस प्रशासन की ओर से एक और जहां हाइड्रा के जरिए ट्रक को हटवाया गया तो वहीं दूसरी ओर मंदिर दर्शन करने पहुंचे कुछ मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट पास खड़ी हुई एंबुलेंस से पेन किलर सहित अन्य दवाइयां के जरिए ट्रक के नीचे दबे हुए घायलों को इलाज देने में जुट गए। घटनास्थल पर शुरू हुए रेस्क्यू के दौरान लगभग 39 घायलों को जयारोग्य अस्पताल स्थित शासकीय ट्रॉमा सेंटर से जाया गया। जिनमें ड्यूटी पर तैनात 02 होमगार्ड भी घायल है। तहसीलदार मनीष जैन में 15 मौतों की पुष्टि की है, जबकि अन्य घायलों का इलाज किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

