कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां नवरात्रि मेले के बीच शीतला माता मंदिर पर दर्दनाक हादसा हुआ और 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं 27 घायलों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है, जिनमें से चार से पांच की हालत अभी बहुत ज्यादा नाजुक बनी हुई है। प्रशासन ने मौत के आंकड़े की पुष्टि कर दी है।

दरअसल, ग्वालियर के सातउं गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे हुए थे। इस दौरान डबरा की ओर से पंजाब आरटीओ पास धान से भरा हुआ ट्रक चीनोर से शीतला माता मंदिर की ओर उतरने वाली ढलान पर खड़ा हुआ था। इसी दौरान अचानक प्रेशर रिलीज होने की आशंका के बीच ट्रक नीचे ढलान की ओर तेजी से आगे बढ़ा और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं को रौंदता हुआ मंदिर के मुख्य एंट्री गेट तक जा पहुंचा। हादसा होते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। अफरा-तफरी के माहौल के बीच लोग ट्रक के नीचे दबे हुए लोगों को बचाने में जुट गए।

ये भी पढ़ें: गरबा पंडाल में BJP नेता की दादागिरी: मंडल अध्यक्ष ने नाबालिग को धक्का देकर भगाया, मारने की दी धमकी, Video Viral होने के बाद FIR दर्ज 

ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड भी घायल

पुलिस प्रशासन की ओर से एक और जहां हाइड्रा के जरिए ट्रक को हटवाया गया तो वहीं दूसरी ओर मंदिर दर्शन करने पहुंचे कुछ मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट पास खड़ी हुई एंबुलेंस से पेन किलर सहित अन्य दवाइयां के जरिए ट्रक के नीचे दबे हुए घायलों को इलाज देने में जुट गए। घटनास्थल पर शुरू हुए रेस्क्यू के दौरान लगभग 39 घायलों को जयारोग्य अस्पताल स्थित शासकीय ट्रॉमा सेंटर लाया गया। जिनमें ड्यूटी पर तैनात 02 होमगार्ड भी घायल है, जहां 12 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज किया जा रहा है।

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

यह भी बताया जा रहा है कि बचे हुए घायलों में चार से पांच की हालत अभी बहुत ज्यादा क्रिटिकल बनी हुई है। ऐसे में मौत का यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। ट्रॉमा सेंटर पर हादसे की गंभीरता को देखते हुए दो दर्जन से ज्यादा थाना प्रभारी, सर्किल के 05 से ज्यादा CSP समेत कलेक्टर रुचिका चौहान और एसपी धर्मवीर सिंह यादव अभी मौके पर पहुंचे। ट्रक नीचे की ओर कैसे आया हादसे के पीछे की वजह को लेकर कलेक्टर के निर्देश पर जांच के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल अस्पताल परिसर में भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है और घायलों के परिजन सूचना मिलते ही अस्पताल की ओर पहुंच रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m