कर्ण मिश्रा, ग्वायिलर। ग्वालियर में एसी (AC) लगाने के चार्ज को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया। है। आरोप है कि चार युवक सिटी सेंटर स्थित AC रिपेयरिंग सेंटर पहुंचे और जमकर हंगामा करते हुए संचालक के साथ मारपीट और धमकी दी। एक आरोपी ने खुद को पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह का भतीजा बताते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी घटना CCTV में कैद हुई है।

दरअसल, दीनदयाल नगर निवासी प्रदीप सिंह नरवरिया का सिटी सेंटर में AC रिपेयरिंग सेंटर है। आरोप है कि दतिया में AC इंस्टॉलेशन के लिए उनका एक ग्राहक से फोन पर चार्ज को लेकर बातचीत हुई थी। इसके बाद प्रदीप ने अपने कर्मचारियों धर्मेंद्र बघेल और अजय बाथम को AC लगाने के लिए दतिया भेजा। दतिया पहुंचने पर पाइप और स्टैंड के अतिरिक्त चार्ज को लेकर ग्राहक और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया।

ये भी पढ़ें: पंचायत भवन में पटवारी की ‘शराब पार्टी’ का VIDEO वायरलः ग्रामीणों से अभद्रता के आरोप से मचा हड़कंप

भुगतान नहीं होने पर कर्मचारी बिना AC लगाए ही ग्वालियर लौट गए। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर अक्षित सिंह, अभिमन्यु, गुरुप्रताप सिंह कुशवाह और गौरव भदौरिया सिटी सेंटर स्थित ऑफिस पहुंच गए। शिकायत के मुताबिक ऑफिस में पहुंचते ही चारों ने गालीगलौज शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने खुद को पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह का भतीजा बताते हुए प्रदीप को जान से मारने की धमकी दी। जब प्रदीप के चचेरे भाई रितिक और कर्मचारी रोहित ने बीच बचाव किया, तो उनके साथ भी मारपीट का आरोप है।

आरोपियों पर ऑफिस में रखा सामान उठाकर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। हंगामे और मारपीट की पूरी घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रदीप सिंह की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और लूट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m