कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ट्रेनों के एसी कोच में सफर कर यात्रियों का सामान चोरी करने वाले शातिर आरोपी को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी यात्री बनकर ट्रेन में चढ़ता और मौका मिलते ही बैग चोरी कर अगले स्टेशन पर उतर जाता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 34 बैग बरामद किए हैं, जिनमें रखे सामान की कीमत करीब 8 लाख 26 हजार रुपये है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

READ MORE: रूह कंपा देने वाला मंजर! महिला ने खुद को लगाई आग, चीखती-चिल्लाती लपटों में घिरी; जान की बाजी लगाकर बचाने दौड़े लोग

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महंगे कपड़े पहनकर एसी कोच में सफर करता था, ताकि यात्रियों को उस पर शक न हो। सफर के दौरान वह यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखता और मौका मिलते ही उनका बैग लेकर अगले स्टेशन पर उतर जाता था। इसी तरीके से वह ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक पहले एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। आर्थिक नुकसान के बाद वह तंगी में आ गया। इसी दौरान ट्रेन में एक यात्री का बैग चोरी किया। बैग में कीमती सामान और नकदी मिलने के बाद उसने इस वारदात को ही अपना जरिया बना लिया और लगातार चोरी करने लगा। 

READ MORE: ट्रेन के सफर में दोस्ती, लिव-इन और फिर धोखा! पहले से शादीशुदा निकला आरोपी; युवती की शिकायत के बाद गिरफ्तार

जीआरपी डीएसपी कीर्ति नरवरिया के मुताबिक, आरोपी ने हाल ही में ग्वालियर के गोले का मंदिर क्षेत्र स्थित प्रगति विहार निवासी दीपक शर्मा का सामान जीटी एक्सप्रेस से चोरी किया था। इसके अलावा मई में नागपुर निवासी विशाखा शशिकांत के सामान की चोरी के मामले में भी आरोपी की भूमिका सामने आई है। जीआरपी ने आरोपी की निशानदेही पर 34 बैग बरामद किए हैं। इनमें मौजूद सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में ट्रेनों में चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m