कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के मुरार स्थित त्यागी नगर में करवा चौथ के दिन हुई महिला की हत्या के पीछे शक की सनक सामने आई है। पुलिस जांच के मुताबिक, पति को पत्नी की बिछिया को लेकर संदेह था। उसे लगता था कि बिछिया उसके बड़े भाई ने गिफ्ट की है और दोनों के बीच गलत संबंध हैं। इसी शक ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि पति ने सोते समय पत्नी की मूसल से वार कर हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, मधु करवा चौथ के लिए बिछिया का नया सेट लेकर आई थी। पति आनंद श्रीवास्तव ने जब इसके बारे में पूछा तो मधु ने बताया कि उसे ये गिफ्ट में मिली हैं। लेकिन आनंद को शक था कि ये बिछिया उसके बड़े भाई ने दी हैं। उसे पत्नी और अपने बड़े भाई के बीच गलत संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर वह मधु से नाराज रहने लगा था। वारदात वाली सुबह मधु कमरे में सो रही थी। उसके सिरहाने रखी बिछिया देखकर आनंद का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि उसने मूसल से सोते समय सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण मधु की मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें: करवा चौथ पर मौत का मातम: लंबी उम्र की दुआओं के बीच पति ने ली पत्नी की जान, फिर खुद फोन कर पुलिस को बताया- ‘मैंने कत्ल कर दिया!’

हत्या के बाद पति ने खुद पुलिस को दी जानकारी

हत्या के बाद आरोपी ने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कमरे में कंबल से ढका मधु का शव मिला। उसका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। पुलिस ने आरोपी आनंद को मौके से ही पकड़ लिया और हत्या में इस्तेमाल मूसल भी जब्त कर लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। इस हत्याकांड के बीच पूछताछ में परिवार की कहानी भी सामने आई है।

16 साल पहले हुई थी शादी, एक रात पहले पति के नाम की लगाई थी मेहंदी

परिवार के मुताबिक, वारदात से एक रात पहले मधु ने पति के नाम की मेहंदी लगाई थी। सुबह आनंद ने पोहा बनाया, खुद खाया और बेटे को भी खिलाया। इसके बाद कमरे में मधु की हत्या का पता चला। आनंद और मधु ने साल 2010 में प्रेम विवाह किया था। दोनों की शादी को करीब 16 साल हो चुके थे।पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ समय से आनंद पत्नी के चरित्र को लेकर शक करने लगा था। आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है। फिलहाल मधु के शव को पोस्टमार्टम के लिए जेएएच में रखा गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m