कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान के बाहर से लापता हुई शिवपुरी की महिला 20 दिन बाद मिल गई है। 6 अक्टूबर को पति के साथ चिड़ियाघर घूमने पहुंची महिला अचानक गायब हो गई थी। CCTV फुटेज में वह एक बाइक सवार के साथ जाती दिखाई दी थी। अब महिला ने पुलिस को बताया है कि उसने बाइक सवार से लिफ्ट ली थी, जिसके बाद वह बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में रास्ता भटक गई और एक झोंपड़ी में रहने लगी।फिलहाल महिला न पति के साथ जाने को तैयार है और न ही किसी दूसरे के साथ जाने की बात स्वीकार कर रही है। पुलिस उसके बयान कोर्ट में दर्ज कराकर आगे की कार्रवाई की बात रही है।

READ MORE: BJP विधायक पर दादागिरी और उनके दामाद पर कमीशनखोरी का गंभीर आरोप, कलेक्टर से शिकायत कर जिला पंचायत सदस्यों ने खोला मोर्चा  

दरअसल शिवपुरी निवासी करण रजक अपनी पत्नी सुहाना रजक के साथ 6 अक्टूबर को बाइक से ग्वालियर आया था। सुहाना ने चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई,जिसके बाद दोनों गांधी प्राणी उद्यान पहुंचे।CCTV फुटेज के मुताबिक दोपहर 3 बजकर 9 मिनट 29 सेकंड पर सुहाना ने पति से बाइक पार्किंग में खड़ी करने के लिए कहा। करण बाइक पार्क करने गया और महज 26 सेकंड बाद लौटा, तो सुहाना वहां से गायब थी।करण ने आसपास तलाश की, कई बार फोन लगाया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसने अपने और पत्नी के परिजनों रिश्तेदारों से संपर्क किया। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पड़ाव थाना पुलिस को सूचना दी गई,पुलिस ने चिड़ियाघर के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में करण के बाइक लेकर जाने के बाद एक दूसरी बाइक तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। इसी दौरान सुहाना दौड़कर उस बाइक पर बैठती नजर आई। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

READ MORE: चिड़ियाघर घुमाने लाया था पति, गेट पर खड़ी पत्नी बाइक सवार युवक के साथ हुई फरार, CCTV में कैद हुई अजीबोगरीब वारदात

करीब 20 दिन बाद सुहाना के मिलने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। महिला ने बताया कि वह बाइक सवार के साथ भागी नहीं थी, बल्कि उसने उससे लिफ्ट ली थी। उसके मुताबिक,बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़कर चला गया। इसके बाद वह रास्ता भटक गई और एक झोंपड़ी में रहने लगी।महिला के बयान के बाद अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। सुहाना फिलहाल अपने पति के साथ जाने को तैयार नहीं है और न ही किसी कतिथ बॉयफ्रेंड के साथ जाने की बात स्वीकार कर रही है। पुलिस उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी में है, जहां उसके बयान और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m